ग्रामीणों की जागरूकता से टली बड़ी वारदात, वारदात करने की फिराक में घूम रहे थे

जितेन्द्र गौड़

लाखेरी – स्मार्ट हलचल।उपखंड क्षेत्र के देईखेड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात ग्रामीणों की जागरूकता और सतर्कता से एक संभावित बड़ी वारदात टल गई। छप्पन पूरा गांव में संदिग्ध रूप से घूम रही एक काली थार गाड़ी को देखकर ग्रामीणों को शक हुआ, जिसके बाद ग्रामीणों ने रात के अंधेरे में बदमाशों का पीछा कर करीब तीन किलो मीटर दूर खेतों में घेर लिया। खुद को चारों ओर से घिरता देख वाहन में सवार चार-पांच संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि अपनी गाड़ी मौके पर ही छोड़ गए। बाद में ग्रामीणों ने वाहन को ट्रैक्टर से बांधकर देईखेड़ा थाने पहुंचाया।

देईखेड़ाथाना प्रभारी धारा सिंह ने बताया कि देर रात ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि एक काली थार गांव में संदिग्ध गतिविधियां कर रही है। ग्रामीणों के शोर मचाने पर वाहन सवार लोग गांव से बाहर खेतों की ओर भाग निकले। बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके पीछे दौड़े और खेतों में घेराबंदी कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों के पास हथियार भी हो सकते थे।
ग्रामीणों का मानना है कि संदिग्ध डकैती की मंशा से आए थे, जबकि कुछ लोगों ने आशंका जताई कि गिरोह खेतों में लगे सोलर पैनलों की चोरी करने की फिराक में था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने खेत से बरामद काली थार को धारा 102 के तहत जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में वाहन की नंबर प्लेट फर्जी होने की आशंका जताई जा रही है। वाहन से कुछ कपड़े और एक टूल बॉक्स भी बरामद हुआ है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध किसी डकैती गिरोह से जुड़े हैं या सोलर पैनल चोरी करने वाले गिरोह का हिस्सा हैं।

इनका कहना है –

आसपास के मार्गों और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस वाहन के मालिकाना रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मामले जल्द खुलासा किया जाएगा।

धारा सिंह
एसएचओ देइखेडा़ थाना