वाराणसी। स्मार्ट हलचल।उत्तर प्रदेश पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा को लेकर पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए अभूतपूर्व तैयारियां की हैं।हजारों परीक्षार्थियों के सुगम आवागमन भीड़ नियंत्रण और सुरक्षित यात्रा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन ने विशेष परीक्षा ट्रेनों का संचालन, वॉर रूम की स्थापना, अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती तथा प्रमुख स्टेशनों पर विशेष सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की है। 10 जून 2026 को 05150 गोरखपुर-वाराणसी सिटी अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन का संचालन चौरी चौरा, गौरी बाजार, देवरिया सदर, भटनी, सलेमपुर, लार रोड, बेल्थरा रोड, मऊ, दुल्लहपुर, जखनियां, सादात, औंड़िहार और सारनाथ होते हुए किया गया। इसके अलावा 05134/05133 एवं 05136/05135 आजमगढ़-बलिया-आजमगढ़ अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेनों का संचालन सठियांव, मुहम्मदाबाद, खुरहट, मऊ, इंदारा, रतनपुरा, रसड़ा, चिलकहर और फेफना स्टेशनों के रास्ते किया गया। वहीं 05139/05140 आजमगढ़-गोरखपुर-आजमगढ़ परीक्षा विशेष ट्रेन सठियांव, मुहम्मदाबाद, मऊ, बेल्थरा रोड, लार रोड, सलेमपुर, भटनी, देवरिया सदर, चौरी चौरा और गोरखपुर कैंट के रास्ते चलाई गई। रेलवे प्रशासन के अनुसार वाराणसी मंडल पर कुल आठ परीक्षा विशेष ट्रेनों का संचालन निर्धारित है, जिनमें से चार ट्रेनों का संचालन दिन में किया जा चुका है, जबकि शेष चार ट्रेनों को देर शाम उनके निर्धारित समय पर चलाया जाएगा।
अभ्यर्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बलिया स्टेशन पर अस्थायी यात्री आश्रय स्थल यानी होल्डिंग एरिया बनाया गया है, जहां निःशुल्क पेयजल, पंखा, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सहायता बूथ, मोबाइल यूटीएस सेवा और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए वाराणसी कंट्रोल कक्ष में विशेष वॉर रूम स्थापित किया गया है, जहां रेलवे अधिकारी चौबीसों घंटे निगरानी कर रहे हैं। मंडल स्तर के अधिकारियों को विभिन्न स्टेशनों पर तैनात कर यात्रियों की गतिविधियों और भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), वाणिज्य विभाग और अन्य संबंधित शाखाओं के कर्मचारियों को विशेष रूप से मुस्तैद किया गया है।
भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्य यात्रियों और अभ्यर्थियों को निःशुल्क शीतल पेयजल उपलब्ध करा रहे हैं। प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, प्रवेश और निकास द्वारों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। अनधिकृत यात्रियों की रोकथाम और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष गश्त भी कराई जा रही है। आरक्षित और अनारक्षित टिकट खिड़कियों पर सुव्यवस्थित कतार व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त जवान लगाए गए हैं। स्टेशन परिसर और ट्रेनों में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
यात्रियों और अभ्यर्थियों की सहायता के लिए सहायता बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां ट्रेन संचालन और विशेष गाड़ियों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। विशेष ट्रेनों के आगमन से पहले प्लेटफॉर्म निर्धारित कर उसकी सूचना जनसम्बोधन प्रणाली के माध्यम से लगातार प्रसारित की जा रही है। स्टेशन सूचना बोर्ड, कोच गाइडेंस बोर्ड, ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड और अन्य यात्री सुविधाओं से जुड़े उपकरणों को पूरी तरह सक्रिय रखा गया है, ताकि अभ्यर्थियों को समय पर सही जानकारी मिल सके। अनारक्षित कोचों में भी क्यू मैनेजमेंट की व्यवस्था लागू कर यात्रियों को व्यवस्थित ढंग से बैठाया जा रहा है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को जहरखुरानी, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं से सतर्क रहने की सलाह देते हुए किसी भी आपात स्थिति में रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या निकटतम आरपीएफ एवं जीआरपी कर्मियों से संपर्क करने की अपील की है। जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और जीआरपी के समन्वय से उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान सुरक्षा, सुविधा और सुचारु यात्रा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि प्रत्येक अभ्यर्थी अपनी मंजिल तक सुरक्षित और समय पर पहुंच सके।
