हमीरगढ़ पुलिस का अवैध खनन पर बड़ा प्रहार,नदी पेटे से बजरी भरते चार ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त,चालक मौके से फरार

मंगरोप@मुकेश खटीक।अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हमीरगढ़ थाना पुलिस ने बुधवार देर शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए चार ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की हैं।पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।थानाप्रभारी सुनील कुमार बेड़ा ने बताया कि पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी।इसी दौरान जवासिया गांव स्थित नदी पेटे में कुछ ट्रैक्टर-ट्रॉली बजरी भरते हुए दिखाई दिए।पुलिस वाहन को मौके पर पहुंचता देख ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बजरी से भरे चार ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया।पुलिस द्वारा जब्त किए गए सभी वाहनों को थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा करवाया गया है।मामले में खनिज एवं खनन से संबंधित एमएमडीआर के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।फरार चालकों की पहचान के प्रयास भी किए जा रहे हैं।थाना प्रभारी बेड़ा का कहना है कि अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।क्षेत्र में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा अवैध खनन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अवैध खनन से नदी क्षेत्रों को नुकसान पहुंचता है। ऐसे में प्रशासन और पुलिस की सख्ती से इस पर प्रभावी रोक लगाने में मदद मिलेगी।हमीरगढ़ थाना पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध खनन के खिलाफ चल रही मुहिम की बड़ी सफलता माना जा रहा है,जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ खनन माफियाओं को भी स्पष्ट संदेश मिला है कि अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।