मंगरोप@मुकेश खटीक।निकटवर्ती कुम्हारिया गांव स्थित चारभुजा नाथ मंदिर में दो दिवसीय ग्यारस उद्यापन कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार को धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के माहौल में हुआ।कार्यक्रम की शुरुआत डीजे पर बज रही धार्मिक धुनों के बीच निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुई,जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया।वेदाचार्य महावीर दाधीच के सानिध्य में आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान सात पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ संपन्न कराया गया।यज्ञ में सात दंपतियों ने विधि-विधान से हवन कुंड में आहुतियां देकर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।आयोजक सदस्य सांवरलाल ने बताया कि गांव की करीब 30 महिलाएं पिछले एक वर्ष से नियमित रूप से ग्यारस व्रत का पालन कर रही थीं। व्रत पूर्ण होने पर उद्यापन कार्यक्रम आयोजित किया गया,जिसमें महिलाओं ने श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।शुक्रवार सुबह भी यज्ञ एवं हवन कार्यक्रम आयोजित हुआ,जिसमें सात जोड़ों ने हवन कुंड में आहुतियां अर्पित कीं।इसके बाद विशाल भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया।प्रसादी में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।आयोजन को सफल बनाने में ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा।इस अवसर पर रामपाल गुर्जर,शंभू सिंह,राधाकिशन,गिरधारी सिंह,सांवरलाल,शंकरलाल गुर्जर,कालूलाल गुर्जर सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
