लाखेरी – स्मार्ट हलचल।उपखंड क्षेत्र के स्टेशन–माखीदा रोड पर बस्ती के समीप लगा विद्युत पोल पिछले करीब एक माह से क्षतिग्रस्त खड़ा है, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों में चिंता का माहौल बना हुआ है। पोल के ऊपरी हिस्से से सीमेंट हटने के कारण पोल क्षतिग्रस्त हो गया, जिस कारण उसके कभी भी गिरने की आशंका बनी हुई है। सड़क से गुजरने वाले राहगीरों, वाहन चालकों एवं आसपास रहने वाले लोगों के लिए यह पोल खतरे का कारण बन सकता है। ग्रामीण किसान रामस्वरूप मीणा ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में लिखित रूप से विद्युत विभाग के सहायक अभियंता, लाखेरी को अवगत करवाया था, लेकिन शिकायत के बाद भी अभी तक विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। समय बीतने के साथ पोल की स्थिति और अधिक कमजोर होती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात का मौसम शुरू होने वाला है और तेज हवा या बारिश के दौरान पोल गिरने से बड़ा हादसा हो सकता है। इसके अलावा विद्युत आपूर्ति भी बाधित होने की संभावना बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से शीघ्र क्षतिग्रस्त पोल को हटाकर नया पोल लगाने की मांग की है, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
