मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त करने के खिलाफ जंतर-मंतर पर कांग्रेस का बड़ा सत्याग्रह, ब्यावर से पहुंचे कार्यकर्ता

अनिल कुमार

ब्यावर/नई दिल्ली।स्मार्ट हलचल।अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद पद की उम्मीदवार और राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र निरस्त किए जाने के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर विशाल सत्याग्रह आंदोलन किया गया। संगठन ने इसे असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक कदम बताते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस आंदोलन में ब्यावर सहित देशभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
सत्याग्रह को संबोधित करते हुए राजस्थान पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सी.बी. यादव ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है। मीनाक्षी नटराजन जैसे अनुभवी और समर्पित नेतृत्व के नामांकन को खारिज करना लोकतंत्र पर सीधा प्रहार है।
चुनावी प्रक्रिया में भेदभाव का आरोप
संगठन के प्रदेश सचिव शैलेश शर्मा ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रशासन ने भाजपा और कांग्रेस उम्मीदवारों के नामांकन की जांच में अलग-अलग मापदंड अपनाए हैं। कांग्रेस प्रत्याशी के साथ पक्षपातपूर्ण व्यवहार किया गया है, जिससे चुनावी पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

ब्यावर से दिल्ली पहुंचे दर्जनों कार्यकर्ता
राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिला अध्यक्ष राम यादव के नेतृत्व में ब्यावर से कार्यकर्ताओं का एक बड़ा दल दिल्ली पहुंचा। राम यादव ने कहा कि अन्याय के खिलाफ देश का हर कार्यकर्ता एकजुट है। सत्याग्रह में ब्यावर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धर्म सिंह भाटी, एससी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष बिरदीचंद खोरवाल, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अशोक रांका सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
आंदोलन के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और सामाजिक न्याय के मूल्यों को बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।