एजाज़ अहमद उस्मानी
स्मार्ट हलचल।डांगावास क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। मामले में पहले गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों की निशानदेही पर करीब 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। वहीं चोरी के जेवरात खरीदने वाले एक ज्वैलर को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का माल बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार 27 मई 2026 को डांगावास निवासी देवाराम जाट ने मेड़ता सिटी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि वह सुबह अपने गांव गया हुआ था। दोपहर में वापस लौटने पर उसने देखा कि उसके घर का ताला टूटा हुआ है। घर के अंदर रखी अलमारी और बक्सों के ताले भी टूटे हुए थे। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर करीब 34-35 तोला सोने-चांदी के आभूषण तथा 2 लाख 50 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए हैं।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 101/26 धारा 331(3) एवं 305(ए) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों के निर्देशन में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पुलिस टीमों ने लगातार 12 से 13 दिनों तक सीसीटीवी फुटेज, फील्ड इंटेलिजेंस, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से गहन जांच की। इसके बाद 9 जून 2026 को मुख्य आरोपी हरदीप सिंह निवासी ढालिया तथा सनी माली निवासी नवां को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और पुलिस रिमांड के दौरान उनकी निशानदेही पर चोरी का अधिकांश माल बरामद कर लिया गया। बरामदगी में लगभग 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात तथा 1 लाख 40 हजार रुपये नकद शामिल हैं। साथ ही चोरी की वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि चोरी के कुछ सोने के आभूषण हनुमानगढ़ निवासी राकेश सोनी ने खरीदे थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राकेश सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया तथा उसके कब्जे से खरीदे गए चोरी के सोने के आभूषण बरामद कर लिए।
*गिरफ्तार आरोपी*
हरदीप सिंह पुत्र गुरजट, निवासी ढालिया, जिला हनुमानगढ़।
सनी पुत्र स्वर्गीय संजीव कुमार, निवासी नवां, जिला हनुमानगढ़।
राकेश सोनी पुत्र राधेश्याम, निवासी प्रेमसुख कॉलोनी, हनुमानगढ़ टाउन।
*बरामद आभूषण*
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने का टेवटा, एक जोड़ी सोने की झुमर, एक सोने का राखड़ी सेट, एक सोने की कंठी, एक जोड़ी सोने की पूंचे, एक सोने का मंगलसूत्र, दो सोने की चेन, तीन सोने की अंगूठियां तथा चांदी की चार जोड़ी पायजेब बरामद की हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे भी जांच जारी है तथा चोरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। इस सफल कार्रवाई को लेकर क्षेत्रवासियों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है।
