संत समागम में गूंजे सनातन संस्कृति संरक्षण के संदेश, अवधेश चैतन्य महाराज का हुआ भव्य स्वागत

शिव जांगिड़

लाडपुरा|स्मार्ट हलचल।श्री जोगणिया माता शक्तिपीठ में शनिवार को आयोजित संत समागम में पवित्र नर्मदा नदी की परिक्रमा पूर्ण कर पहली बार पहुंचे पूज्य श्री श्री 108 अवधेश चैतन्य महाराज का संस्थान की ओर से भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर महाराज का स्वागत किया।स्वागत समारोह के पश्चात महाराज ने जोगणिया माता मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर देश, धर्म एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति एवं धर्म की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने घर-घर में नियमित पूजा-पाठ एवं संध्या करने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे आने वाली पीढ़ियों को श्रेष्ठ संस्कार प्राप्त होंगे।

अवधेश चैतन्य महाराज ने कहा कि युवा पीढ़ी को सतमार्ग पर लाना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। मंदिरों एवं धार्मिक ट्रस्टों द्वारा संस्कृति और धर्म संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने जोगणिया माता शक्तिपीठ संस्थान की गौसेवा एवं धार्मिक गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जहां गौसेवा होती है, वहां स्वयं भगवान का आशीर्वाद बना रहता है।

संस्थान अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महान संतों का आगमन समाज को नई दिशा एवं प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि अवधेश चैतन्य महाराज के विचार जनमानस के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

इस अवसर पर महंत नन्द किशोर महाराज (मेंडकी महादेव), महंत बालक दास महाराज (गुप्तेश्वर महादेव) सहित अनेक संत-महात्मा, श्रद्धालु, संस्थान के पदाधिकारी, कर्मचारी, श्री जोगणिया माता वेद विद्यालय के अध्यापक एवं बटुक उपस्थित रहे। कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ।