एजाज़ अहमद उस्मानी।
स्मार्ट हलचल।नागौर पुलिस ने सोशल मीडिया पर कुख्यात गैंगस्टरों को फॉलो, लाइक और शेयर कर उनके प्रभाव का प्रचार-प्रसार करने वाले युवाओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नागौर आशाराम चौधरी (आरपीएस) के निर्देशों की पालना में वृत्ताधिकारी वृत्त नागौर जतिन जैन (आईपीएस) के नेतृत्व में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 9 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लॉरेंस बिश्नोई, हैरी बॉक्सर, रोहित गोदारा, राजू मानजू सहित अन्य गैंगस्टरों को फॉलो कर उनकी गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले युवाओं की पहचान की गई थी। इसके बाद अलग-अलग पुलिस थानों की टीमों ने कार्रवाई करते हुए संबंधित युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर अपराधियों और गैंगस्टरों का महिमामंडन करने, उनकी पोस्ट को लाइक, शेयर या फॉलो करने जैसी गतिविधियां कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकती हैं तथा युवाओं को अपराध की ओर आकर्षित कर सकती हैं। इसी उद्देश्य से ऐसे खातों की निगरानी कर कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में विभिन्न थाना क्षेत्रों के युवक शामिल हैं, जिनमें पोंचूड़ी, खींवसर, मेड़तारोड, कुचेरा, श्रीबालाजी और मेड़तासिटी थाना क्षेत्र के निवासी शामिल हैं।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी गैंगस्टर, अपराधी या असामाजिक तत्व के खातों को फॉलो, लाइक अथवा शेयर नहीं करें। ऐसा पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
*पुलिस की अपील*
“सोशल मीडिया पर लॉरेंस, हैरी बॉक्सर, रोहित गोदारा, राजू मानजू आदि गैंगस्टरों को फॉलो, लाइक एवं शेयर नहीं करें। ऐसा करने पर आपके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा सकती है।”
