पुराने बस स्टैंड का गड्ढा बना मुसीबत, रोजाना हो रहे हादसे

:-पीडब्ल्यूडी और ग्राम पंचायत की अनदेखी से बढ़ी परेशानी, दिन में कईबार घंटों जाम में फंसे रहते है वाहन

राजेन्द्र बबलू पोखरना

कोटड़ी|स्मार्ट हलचल।कस्बे के पुराने बस स्टैंड स्थित मुख्य मार्ग पर टूटी नाली और सड़क के बीच बना गहरा गड्ढा स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण यह स्थान अब दुर्घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है। जिम्मेदार विभागों की अनदेखी के चलते राहगीरों और वाहन चालकों को प्रतिदिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच यह समस्या और गंभीर रूप में सामने आई। अमावस्या मेले के दौरान एक पिकअप वाहन का पहिया गड्ढे में फंस जाने से मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। सड़क संकरी होने और वाहनों की आवाजाही अधिक होने से कुछ ही देर में लंबा जाम लग गया। श्रद्धालुओं और वाहन चालकों को काफी देर तक परेशानी झेलनी पड़ी। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकालने के बाद यातायात सुचारू हो सका। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वहीं मेले के दिन सुबह एक सब्जी एवं फल विक्रेता का हाथ ठेला भी इसी गड्ढे की चपेट में आ गया। संतुलन बिगड़ने से ठेला पलट गया और उस पर रखे फल एवं सब्जियां सड़क पर बिखर गईं। अचानक हुए इस हादसे से विक्रेता को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने मदद कर सामान को दोबारा एकत्रित कराया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभागों और ग्राम पंचायत को अवगत कराया जा चुका है लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। लोगों का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी और ग्राम पंचायत के बीच जिम्मेदारी तय नहीं होने के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग कस्बे का प्रमुख यातायात केंद्र है। जहां से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन और राहगीर गुजरते हैं। इसके बावजूद सड़क और नाली की मरम्मत नहीं होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गड्ढे को भरकर नाली और सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। खासकर रात के समय और भीड़-भाड़ के दौरान यह स्थान अधिक खतरनाक साबित हो रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, पीडब्ल्यूडी एवं ग्राम पंचायत से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है ताकि आमजन को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
फोटो