पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने गले लगाकर दी मुबारकबाद, मक्का-मदीना शरीफ का तबर्रुक किया भेंट
निंबाहेड़ा, 15 जून 2026
(ज़ाकिर हुसैन)
स्मार्ट हलचल।पवित्र हज यात्रा से सकुशल वतन वापसी पर चित्तौड़गढ़ जिला फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष जकी अहमद उर्फ गुड्डा भाई का कांग्रेस कार्यालय में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर राजस्थान के पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने उन्हें गले लगाकर हज की मुकद्दस यात्रा की मुबारकबाद दी तथा उनके स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की।हज यात्रा से लौटने के बाद गुड्डा भाई ने पूर्व मंत्री आंजना को मक्का मुकर्रमा एवं मदीना मुनव्वरा शरीफ का तबर्रुक भेंट किया। इस दौरान उदयलाल आंजना ने कहा कि हज इंसानियत, भाईचारे, सब्र और इबादत का संदेश देने वाली महान आध्यात्मिक यात्रा है तथा हाजी अपने साथ अमन, मोहब्बत और दुआओं का पैगाम लेकर लौटते हैं।
जकी अहमद उर्फ गुड्डा भाई ने बताया कि उन्होंने हरम शरीफ और मस्जिद-ए-नबवी में देश, प्रदेश एवं क्षेत्र की खुशहाली, अमन-चैन और तरक्की के लिए विशेष दुआएं कीं। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेसजनों, जनप्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों को मक्का-मदीना शरीफ से लाया गया तबर्रुक एवं प्रसाद भी वितरित किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष के कार्यकारी अध्यक्ष भोपराज टांक, नगर कांग्रेस कमेटी संगठन महासचिव रवि प्रकाश सोनी, चित्तौड़गढ़ जिला फुटबॉल संघ कोषाध्यक्ष मनोज पारख, निंबाहेड़ा विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत सिंह आंजना, आशुतोष टांक, विष्णु लाल मीणा, कांग्रेस कार्यालय प्रभारी ज़ाकिर हुसैन सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे। सभी ने गुड्डा भाई को हज की सफल अदायगी एवं सकुशल वतन वापसी पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
