कोटड़ी में चोरी का प्रयास विफल, एएसआई कैलाश प्रजापत की बहादुरी बनी मिसाल

:- घायल होने के बावजूद बदमाश को दबोचे रखा, लाखों की चोरी टली
राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी
स्मार्ट हलचल।कस्बे के पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में रविवार देर रात एक ज्वेलर्स की दुकान में चोरी की योजना बनाकर पहुंचे बदमाशों के मंसूबों पर कोटड़ी पुलिस की तत्परता और एएसआई कैलाश चन्द्र प्रजापत के साहस ने पानी फेर दिया। पुलिस गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर पुलिसकर्मियों ने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया जिसके बाद वे मौके से भागने लगे। पुलिस ने तत्काल पीछा शुरू किया। इस दौरान एएसआई कैलाश प्रजापत ने जोखिम उठाते हुए एक संदिग्ध को पकड़ लिया। अपने साथी को छुड़ाने के लिए अन्य बदमाशों ने पुलिस दल पर गुलेल से पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। हमले में एएसआई प्रजापत के कान पर गंभीर चोट आई तथा पुलिस वाहन का शीशा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
खून बहता रहा, लेकिन नहीं छोड़ा आरोपी
घटना के दौरान एएसआई कैलाश प्रजापत गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके कान से लगातार खून बहता रहा लेकिन उन्होंने पकड़े गए आरोपी को छोड़ने से इंकार कर दिया। विषम परिस्थितियों में भी उन्होंने साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए आरोपी को मजबूती से पकड़े रखा। सूचना मिलते ही थाना अधिकारी महावीर मीणा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घायल एएसआई को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उनके कान में 13 टांके लगाए।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में संदिग्धों को भागते हुए तथा पुलिसकर्मियों को उनका पीछा करते हुए देखा जा सकता है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।
दो मोटरसाइकिल जब्त, पूछताछ जारी
पुलिस ने मौके से दो संदिग्ध मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। वहीं पकड़े गए आरोपी को डिटेन कर उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आरोपियों के मध्यप्रदेश के नीमच क्षेत्र से जुड़े होने की संभावना सामने आई है। फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम रवाना कर दी गई है।
बहादुरी की हो रही सराहना
घटना के बाद कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों में एएसआई कैलाश चन्द्र प्रजापत की बहादुरी चर्चा का विषय बनी हुई है। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने उनकी कर्तव्यनिष्ठा, साहस और कोटड़ी पुलिस की सतर्कता की सराहना की है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते सक्रिय नहीं होती तो ज्वेलर्स की दुकान में बड़ी चोरी की वारदात हो सकती थी।