भीलवाड़ा | आस्था का सैलाब | तिलस्वां महादेव मेला
तिलस्वां महादेव, 15 जून। स्मार्ट हलचल।जिले के प्रसिद्ध शिव धाम तिलस्वां महादेव में अधिकमास में सोमवती अमावस्या के विशेष संयोग पर लाखों श्रद्धालुओं ने पवित्र कुंड में डुबकियां लगाकर दर्शन किए। श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर व पवित्र कुंड की परिक्रमा लगाई। एक दिन पूर्व ही चतुर्दशी को हजारों श्रद्धालु हाड़ौती व कुंडाल क्षेत्र से यहाँ पहुँचे थे, जिन्होंने रात्रि जागरण किया।
खदान ठेकेदार शुभ सिंह सोलंकी ने बताया कि पिछले ढाई दशकों से तिलस्वां महादेव की कृपा से हर माह की अमावस्या पर कैदियों (रोगियों) के भोजन की व्यवस्था का सौभाग्य मिल रहा है। कोराना काल में भी यह व्यवस्था खंडित नहीं हुई। इस बार मध्य प्रदेश के सिंगोली से आई महाकाल महिला मंडली ने भी भोजन सेवा में योगदान दिया। वहीं सिंगोली निवासी चंदू सोनी ने मक्के के 40 कट्टे भेंट किए।
धार्मिक अनुष्ठान, विशेष श्रृंगार और महाआरती:
सोमवती अमावस्या पर विशेष रूप से महिलाओं की भारी भागीदारी रही। महिलाओं ने व्रत रख कर पीपल के पेड़ की पूजा-अर्चना की और परिक्रमा लगाकर परिवार के लिए खुशहाली की कामना की। मंदिर महंत पूर्णाशंकर पाराशर के सानिध्य में भोलेनाथ का पुजारी सांवरिया पाराशर व पाराशर पुजारी परिवार द्वारा विशेष अभिषेक, मनोहारी श्रृंगार व महाआरती की गई। श्रद्धालुओं ने पीने का जल, चाय, भोजन और गायों को चारा आदि दान-पुण्य किया। जगह-जगह भजन मंडलियों की थाप पर शिवभक्त जमकर थिरके।
भीड़ में उचक्के सक्रिय, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस:
मेले में आई दर्जनों दुकानों पर लोगों ने जमकर खरीदारी की, लेकिन भीड़ अत्यधिक होने के कारण कुछ महिलाओं के सोने की चेन व गले से मादलिया चोरी होने की घटनाएं सामने आईं। पुलिस प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के जरिए चोरों का सुराग तलाशने में जुटा है। मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष रमेश चन्द्र अहीर व सचिव मांगीलाल धाकड़ ने भी विशेष पूजा व हवन किया। ट्रस्ट व पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी से शिवभक्तों को सुचारू रूप से दर्शन प्राप्त हुए।
