शहरी सेवा शिविर में आमजन को मिल रही राहत, पट्टा पाकर खिला चेहरा

गंगापुर सिटी, स्मार्ट हलचल।राज्य सरकार एवं स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशानुसार नगर परिषद गंगापुर सिटी द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत 15 जून को वार्ड संख्या 1 से 6 तक के नागरिकों के लिए नगर परिषद सभागार में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आमजन को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराकर राहत प्रदान की गई। नगर परिषद आयुक्त बृजेन्द्र मीना ने बताया कि शिविर में पट्टा, कृषि भूमि नियमन, लीज डीड, पुरानी आबादी एवं 69ए पट्टे, उपविभाजन, भवन निर्माण स्वीकृति, नाम हस्तांतरण, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जनाधार कार्ड, फायर एनओसी, पेंशन, पालनहार, खाद्य सुरक्षा सहित अनेक सेवाओं का लाभ दिया गया। आयुक्त बृजेन्द्र मीना ने बताया कि अभियान के नोडल प्रभारी दुष्यंत राज, राजस्व अधिकारी एवं वार्ड 1 से 30 तक सहायक अभियंता सुरेश चन्द शर्मा तथा वार्ड 31 से 60 तक सहायक अभियंता तरुण कुमार जैन जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।शिविर में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया। नगर परिषद प्रशासन ने बताया कि शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना और सरकारी योजनाओं का लाभ सरलता से उपलब्ध कराना है। प्राप्त शिकायतों एवं परिवादों का मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है। शिविर में लाभार्थि पट्टा पाकर खुशी जाहिर करते हुए सरकार एवं स्थानीय नगर परिषद के अधिकारियों का आभार जता रहे हैं।
नगर परिषद ने शहरवासियों से अपील की है कि वे शहरी सेवा शिविर-2026 में पहुंचकर सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं एवं योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।