राठौड़ का राहुल गांधी पर तीखा हमला: परीक्षा से 5 दिन पहले कोटा दौरा केवल राजनीतिक पर्यटन, कांग्रेस को याद नहीं आए 19 पेपर लीक

कोटा-सांगोद | राजनीतिक घमासान | NEET UG 2026

गहलोत शासन में हुआ युवाओं के सपनों पर प्रहार, अब जादूगरी फ्लॉप होने के डर से घबराई कांग्रेस; ऊर्जा मंत्री नागर बोले— बच्चों को अपना भविष्य प्यारा है, कांग्रेस का सर्कस नहीं
 बी एम राठौर

सांगोद/कोटा, 16 जून 2026।स्मार्ट हलचल।राजस्थान विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष व वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ ने कोटा में आयोजित एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आगामी 21 जून को नीट की दोबारा परीक्षा होने जा रही है, जिससे 22 लाख विद्यार्थियों का भविष्य जुड़ा है। ऐसे में परीक्षा से महज 5 दिन पहले 17 जून को कोटा में राजनीतिक कार्यक्रम करने का कोई औचित्य नहीं है।

“हुजूर आते-आते बहुत देर कर दी” — राजेंद्र राठौड़:

भाजपा नेता ने तंज कसते हुए कहा कि जब पिछली कांग्रेस सरकार के समय 19 पेपर लीक हुए थे, तब राहुल गांधी को युवाओं के सपनों पर प्रहार और गहलोत सरकार की विफल भर्ती व्यवस्था की याद क्यों नहीं आई? नीट पेपर लीक का सबसे पहला बड़ा खुलासा राजस्थान SOG ने किया था, जिसके बाद सीबीआई ने कार्रवाई करते हुए रिटायर्ड प्रोफेसर पी.वी. कुलकर्णी सहित 13 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब जांच एजेंसियां मुस्तैदी से काम कर रही हैं, तब कांग्रेस इस पर राजनीति कर रही है।

बच्चों को भविष्य प्यारा है, कांग्रेस का सर्कस नहीं: ऊर्जा मंत्री हीरालल नागर:
प्रेसवार्ता में मौजूद ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कोटा में बच्चे अपना करियर बनाने आते हैं। वे आखिरी वक्त में अपनी किताबें छोड़कर राहुल गांधी का राजनीतिक प्रवचन सुनने क्यों जाएंगे? बच्चों का सीधा फैसला है कि उन्हें अपना भविष्य प्यारा है, कांग्रेस का सर्कस नहीं। जब बच्चे पढ़ाई को चुन रहे हैं, तो लोकतंत्र खतरे में कैसे आ गया? यह ‘भय का माहौल’ की मनगढ़ंत कहानी सिर्फ राजस्थान कांग्रेस की नाकामी छुपाने का प्रयास है।

भजनलाल सरकार की गिनाईं उपलब्धियां:
राठौड़ ने आंकड़े पेश करते हुए बताया कि कांग्रेस शासन में राजस्थान की बेरोजगारी दर औसतन 28 से 35 फीसदी थी, जो आज घटकर मात्र 7.4 फीसदी रह गई है। भजनलाल सरकार ने सत्ता संभालते ही एसआईटी (SIT) का गठन किया, जिसके तहत 155 एफआईआर दर्ज कर 515 जालसाजों को गिरफ्तार किया गया। अब तक 1.25 लाख युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं और भर्ती परीक्षाओं का स्पष्ट कैलेंडर जारी किया जा चुका है।

प्रेसवार्ता के दौरान विधायक संदीप शर्मा, कल्पना देवी, संभाग प्रभारी नाहर सिंह, जिला प्रभारी अजीत मेहता, सह-प्रभारी स्नेहा कंबोज और शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन भी उपस्थित रहे और सभी ने एकजुटता से कांग्रेस की इस राजनीतिक रैली की आलोचना की।