दीपक राठौर
बिजौलियाँ।स्मार्ट हलचल।राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगर पालिका बिजोलिया द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर अभियान 2026 आमजन के लिए राहत एवं सुविधा का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है। सोमवार को आयोजित शिविर में सांसद दामोदर अग्रवाल एवं मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल की उपस्थिति में लाभार्थियों को फ्री होल्ड पट्टों का वितरण किया गया। वर्षों से स्वामित्व अधिकार की प्रतीक्षा कर रहे नागरिकों को पट्टे प्राप्त होने पर उनके चेहरों पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी।
शिविर में नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। विभिन्न विभागों की सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर आमजन को त्वरित राहत प्रदान की गई। भूमि एवं पट्टा संबंधी प्रकरणों, भवन निर्माण स्वीकृति, जन्म-मृत्यु पंजीयन, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था तथा अन्य नागरिक समस्याओं से संबंधित आवेदनों को प्राप्त कर उनका शीघ्घ्र निराकरण सुनिश्चित किया गया।
इसके साथ ही राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र नागरिकों को लाभान्वित किया गया। शिविर में उपस्थित लोगों ने एक ही स्थान पर अनेक सेवाओं की उपलब्धता एवं समस्याओं के त्वरित समाधान की व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण पहल बताया।
नगर पालिका प्रशासन द्वारा शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों के प्रभावी निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए। नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी श्री पंकज कुमार मंगल ने बताया कि शहरी सेवा शिविर अभियान के अंतर्गत निर्धारित कार्यक्रमानुसार आगामी तिथियों में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों तक सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अधिकाधिक संख्या में शिविरों में भाग लेकर उपलब्ध सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
शिविर मे 15 फ्री होल्ड पट्टों का वितरण,11 भवन निर्माण स्वीकृतियों का वितरण, 3 अन्य प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया |
