उदयपुर। स्मार्ट हलचल।देश की पहली निजी आदिवासी यूनिवर्सिटी के निर्माण और विकास अभियान को उस समय नई मजबूती मिली, जब उदयपुर के पूर्व सांसद अर्जुन लाल मीणा ने इसके लिए ₹1 लाख का आर्थिक सहयोग प्रदान किया। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई यह पहल दूरगामी परिणाम देने वाली है।
पूर्व सांसद अर्जुन लाल मीणा ने सहयोग राशि प्रदान करते हुए कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है। यदि युवाओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर और संसाधन मिलें तो वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी इस अभियान में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की।
यूनिवर्सिटी के चेयरपर्सन आर. डी. मीणा ने पूर्व सांसद के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, उद्योगपतियों, भामाशाहों और शिक्षाप्रेमियों का लगातार मिल रहा समर्थन इस महत्वाकांक्षी परियोजना को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक सहयोग से यह संस्थान आदिवासी युवाओं के लिए उच्च शिक्षा और शोध का एक सशक्त केंद्र बनेगा।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद भेरू लाल मीणा, रक्षा मंत्रालय के सेवानिवृत्त डायरेक्टर हेमराज मीणा तथा वरिष्ठ पत्रकार राकेश मीणा भी उपस्थित रहे। सभी ने आदिवासी समाज के शैक्षणिक उत्थान के लिए सामूहिक प्रयासों और जनसहयोग को आवश्यक बताते हुए इस पहल की सराहना की।
प्रस्तावित देश की पहली निजी आदिवासी यूनिवर्सिटी का उद्देश्य आदिवासी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं से जोड़ना है, ताकि वे बदलते समय की आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें। यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने कहा कि पूर्व सांसद अर्जुन लाल मीणा द्वारा दिया गया ₹1 लाख का सहयोग इस अभियान के लिए प्रेरणादायक कदम है और इससे समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश जाएगा।
