जरूरतमंद बच्चों को चप्पल, स्टेशनरी और खिलौनों का वितरण

महावीर इंटरनेशनल यूथ केंद्र ने जरूरतमंद बच्चों को बांटी चप्पलें, स्टेशनरी और खिलौने

कोटा।स्मार्ट हलचल।महावीर इंटरनेशनल यूथ केंद्र, कोटा द्वारा सामाजिक सरोकारों के तहत आयोजित विशेष सेवा कार्यक्रम में पंख हौसलों की उड़ान फाउंडेशन से जुड़े आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चों को चप्पलों, स्टेशनरी सामग्री, खिलौनों तथा मिठाइयों का वितरण किया गया।
महावीर इंटरनेशनल के अध्यक्ष डॉ. सुनील जैन ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना और उनकी शैक्षणिक आवश्यकताओं में सहयोग प्रदान करना रहा। बच्चे समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं।
पंख हौसलों की उड़ान फाउंडेशन की संचालिका ऋतु राठौर ने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में जीएसएम स्क्वाड की सोनल गुप्ता ने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से ही ऐसा समाज बनाया जा सकता है, जहाँ कोई भी बच्चा शिक्षा और खुशियों से वंचित न रहे।
इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों के साथ जया वर्मा, राधा वैष्णव सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और वितरित सामग्री प्राप्त कर खुशी व्यक्त की।