अनिल कुमार
बिजयनगर (ब्यावर)स्मार्ट हलचल।जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशानुसार ब्यावर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। बिजयनगर थाना पुलिस ने एनएच-48 पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रेलर से 27.640 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल हो रहे हरियाणा नंबर के ट्रेलर को भी जब्त कर लिया है। यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं वृताधिकारी (मसूदा) शिवराज सिंह के निकट सुपरविजन में अंजाम दी गई।
लोहे के कबाड़ के बीच छुपा रखा था नशा
थानाधिकारी करण सिंह को विशेष सूत्रों से पुख्ता सूचना मिली थी कि भीलवाड़ा की तरफ से आ रहे एक हरियाणा नंबर के ट्रेलर में भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे-48 पर नाकाबंदी लगाई।
कुछ ही देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए का ट्रेलर आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने जब ट्रेलर को रोककर उसकी ट्रोली की तलाशी ली, तो उसमें लोहे का कबाड़ भरा हुआ था। कबाड़ को हटाने पर उसके बीच में दो कट्टे छुपे हुए मिले। कट्टों को खोलकर चेक करने पर उसमें अवैध डोडा पोस्त पाया गया, जिसका कुल वजन 27.640 किलोग्राम था।
बिहार का रहने वाला है आरोपी
पुलिस ने मौके से अवैध मादक पदार्थ और ट्रेलर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास कुमार (25 वर्ष) पुत्र रामचंद्र, निवासी सुगा पिपार, थाना पतही, जिला मोतिहारी (पूर्वी चंपारण), बिहार के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
इस कामयाब कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में बिजयनगर थानाधिकारी करण सिंह (पु.नि.), सहायक उपनिरीक्षक (सउनि) रणजीत सिंह, हेड कांस्टेबल भवानीपाल सिंह (294), कांस्टेबल नीरज शर्मा (402), कांस्टेबल विजय सिंह (428) और चालक कांस्टेबल राधेलाल (718) शामिल रहे।
