काल का क्रूर प्रहार: एक ही चिता पर पंचतत्व में विलीन हुए चार सगे भाई, बिलखते बुजुर्ग पिता बोले— ‘कोई एक तो बच जाता…’

बालोतरा | भीषण सड़क हादसा | कोडुका में मातम

बालोतरा के कोडुका गांव में पसरा सन्नाटा, हंसते-खेलते परिवार का बुझ गया चिराग; कमठे की मजदूरी के लिए घर से निकले थे चारों भाई, रोडवेज बस की भिड़ंत ने छीना घर का सहारा
मयंक अवस्थी (बालोतरा)

बालोतरा, 17 जून 2026। स्मार्ट हलचल।बालोतरा जिले के पाटोदी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कोडुका गांव में एक ऐसा दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसने पूरे मारवाड़ को हिलाकर रख दिया है। एक तेज रफ्तार राजस्थान रोडवेज बस और अल्टो कार के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में एक ही परिवार के चार सगे भाइयों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान उदाराम (39), रेखाराम (35), जोगाराम (31) और विशनाराम (29) जाति मेघवाल के रूप में हुई है।

‘अब घर में कोई कमाने वाला नहीं बचा’ — पिता का करुण क्रंदन:

बुजुर्ग पिता भंवरलाल का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बिलखते हुए कहा, “सुबह हंसता-खेलता परिवार था, चारों बेटे काम पर निकले थे और दोपहर को उनकी लाशें आईं। घर में कोई कमाने वाला नहीं रहा, चारों के छोटे-छोटे बच्चे हैं। भगवान कोई एक तो छोड़ देता।” गांव में जो भी ढांढस बंधाने आ रहा है, वह खुद रो पड़ रहा है।

एक ही साइट पर काम होने के कारण साथ निकले थे भाई:
परिजनों ने बताया कि चारों भाई मकान निर्माण (कमठे) की मजदूरी करते थे। वे अक्सर अलग-अलग गाड़ियों से काम पर जाते थे, लेकिन इस बार कलेवा गांव में एक ही जगह काम होने के कारण चारों अल्टो कार से एक साथ रवाना हुए थे। पाटोदी रोड पर गोलियां फांटे के पास कार की बाड़मेर से Jodhpur जा रही रोडवेज बस से आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और शवों को कटर की मदद से गाड़ी काटकर बाहर निकाला गया।

अस्पताल के बाहर धरना, जनप्रतिनिधि पहुंचे:
हादसे के बाद मोर्चरी के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। बाड़मेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल, बायतू विधायक हरीश चौधरी और अन्य नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। ग्रामीणों ने बस ड्राइवर की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार की गंभीर स्थिति को देखते हुए विशेष मुआवजे की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया है। पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।