श्री कामधेनु बालाजी मंदिर में चोरी की घटना, श्रद्धालुओं में रोष

भीलवाड़ा, 18 जून। सुखाड़िया नगर, कोटा बाईपास रोड स्थित श्री कामधेनु बालाजी मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम दिए जाने का मामला सामने आया है। श्री कामधेनु बालाजी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष अमित काबरा ने बताया कि मंदिर के पुजारी जगन्नाथ शर्मा प्रतिदिन की भांति सुबह मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मंदिर परिसर में बने एक कमरे का ताला कटर से काटा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर कमरे में रखी साउंड मशीन, पीतल एवं तांबे के कीमती सामान सहित लगभग ₹4,000 से ₹5,000 की नकद राशि चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही ट्रस्ट पदाधिकारी मंदिर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद संबंधित थाने में अज्ञात चोरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है। मंदिर परिसर में हुई इस चोरी की घटना से श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों में रोष एवं चिंता का वातावरण व्याप्त है। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की मांग की है।