हमीरगढ़ पुलिस का बजरी माफिया पर एक और बड़ा प्रहार, रात के अंधेरे में बनास नदी पर दबिश

हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी)
जिले में अवैध बजरी खनन के खिलाफ हमीरगढ़ थाना पुलिस का अभियान लगातार जारी है। मंगलवार देर रात पुलिस ने बनास नदी क्षेत्र में छापेमार कार्रवाई कर बजरी माफिया पर एक और बड़ी चोट की। पुलिस ने अवैध खनन में लगी एक जेसीबी मशीन और बजरी से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त कर लीं, जबकि जेसीबी चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रैक्टर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। थानाधिकारी सुनील कुमार बेड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम देर रात गश्त के दौरान जवासिया गांव स्थित बनास नदी पहुंची, जहां अवैध बजरी खनन और परिवहन जारी था। पुलिस को देखते ही खनन माफियाओं में भगदड़ मच गई। मौके से पकड़े गए आरोपी की पहचान जवासिया निवासी कन्हैयालाल (28) के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि जब्त किए गए वाहन बिना वैध दस्तावेजों के बजरी का खनन और परिवहन कर रहे थे। आरोपियों के पास न तो ई-रवन्ना था और न ही कोई ट्रांजिट पास या खनन लाइसेंस। पुलिस ने जेसीबी और दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर बीएनएस की धारा 303(2), 112 तथा एमएमडीआर एक्ट की धारा 4/21 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई की सूचना खनन विभाग को भी भेज दी गई है।
गौरतलब है कि गत सप्ताह भी हमीरगढ़ थाना पुलिस ने इसी क्षेत्र से चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की थीं। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अवैध बजरी खनन में लिप्त लोगों में हड़कंप और भय का माहौल बना हुआ है।