गिरवरपुरा में ग्रामीण सेवा शिविर में जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी, सैकड़ों ग्रामीणों ने उठाया लाभ

दिलखुश मोटीस

सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल।उपखंड मुख्यालय सावर की ग्राम पंचायत गिरवरपुरा में गुरुवार को ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाकर आमजन को लाभान्वित करना रहा।
शिविर में शिविर प्रभारी मोनिका जाखड़, तहसीलदार भगवती प्रसाद वैष्णव, विकास अधिकारी संगीता व्यास, अतिरिक्त विकास अधिकारी देवकरण बैरवा, सत्यनारायण बैरवा, स्वच्छ भारत मिशन ब्लॉक कोऑर्डिनेटर प्रियंक दाधीच, ग्राम विकास अधिकारी सुनीता मीणा, कनिष्ठ सहायक विनय जोशी, दयाराम मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र व्यक्तियों को अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ उठाया। कुल 22 विभागों ने भागीदारी निभाते हुए अपनी योजनाओं एवं सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
शिविर के दौरान 15 पट्टों का वितरण किया गया तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 11 व्यक्तिगत शौचालयों की स्वीकृति जारी की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3 लाभार्थियों को तृतीय किस्त तथा 1 लाभार्थी को द्वितीय किस्त का भुगतान स्थानांतरित किया गया। इसके अलावा 19 जन आधार संशोधन, पेंशन सत्यापन, महिला अधिकारिता विभाग द्वारा कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम, 28 मंगला पशु बीमा पॉलिसियां, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना संबंधी कार्य भी किए गए।
चिकित्सा विभाग द्वारा 20 आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा 68 रोगियों का उपचार एवं परामर्श किया गया। कृषि विभाग ने 6 मूंग मिनी किट वितरित किए तथा 35 मृदा स्वास्थ्य कार्ड जारी किए। यूनानी चिकित्सा विभाग ने 24, आयुर्वेद विभाग ने 28 तथा होम्योपैथिक विभाग ने 29 रोगियों को चिकित्सा एवं परामर्श सेवाएं प्रदान कीं।
इसके अतिरिक्त परिवहन विभाग द्वारा 4 लाभार्थियों को स्मार्ट कार्ड वितरित किए गए। राजस्व विभाग ने 7 खातों का शुद्धिकरण, 1 आपसी सहमति एवं बंटवारा प्रकरण का निस्तारण किया तथा जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र संबंधी कार्य भी संपादित किए गए।
ग्रामीण सेवा शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा एक ही स्थान पर सेवाएं उपलब्ध करवाए जाने से ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त करते हुए इसे जनहितकारी पहल बताया।