लाइफलाइन पीस ग्लोबल फाउंडेशन’ ने 11 नवविवाहित जोड़ों को गोद लेकर जीवनभर निशुल्क रक्त सहायता का दिया भरोसा
अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।आशापुरा माता मंदिर परिसर में आज अनूठे सेवा भाव और उल्लास का संगम देखने को मिला। अवसर था सम्राट पृथ्वीराज चौहान जन्मोत्सव समारोह के समापन और सामूहिक विवाह सम्मेलन का। इस दौरान राजस्थान सरकार के तीन कैबिनेट मंत्रियों की मौजूदगी में लाइफलाइन पीस ग्लोबल फाउंडेशन ने अपने ‘वंदे जीवन वंदे भारत’ प्रोजेक्ट के तहत एक मिसाल पेश की। संस्था द्वारा विवाह सूत्र में बंधे 11 नवविवाहित जोड़ों को हेलमेट भेंट कर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया।
सरकार के दिग्गज मंत्रियों ने बढ़ाया जोड़ों का हौसला
इस भव्य वैवाहिक आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शिरकत की। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत और ब्यावर के विधायक शंकर सिंह रावत मौजूद रहे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों सहित पूज्य संतों-महंतों ने भी शिरकत कर वर-वधू को सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।
रक्त मित्र’ बनेंगे नव जोड़े, जीवनभर के लिए संस्था ने लिया गोद
संस्था के निदेशक एवं महासचिव मनोज बारूपाल ने बताया कि संस्थापक लक्ष्मण सामरिया की पूज्य माताजी स्वर्गीय बिदामी देवी की स्मृति में इन 11 जोड़ों को हेलमेट बांटे गए हैं।
कार्यकारी अध्यक्ष निर्मला सामरिया ने संस्था के बड़े संकल्पों को साझा करते हुए बताया कि:
निशुल्क रक्त सहायता: इन सभी 11 जोड़ों और उनके परिवारों को जीवनभर निशुल्क रक्त सहायता के लिए संस्था गोद ले रही है।
रक्तदान का संकल्प: प्रस्तावित ‘लाइफलाइन आर एल ब्लड बैंक & एसडीपी सेंटर’ पर इन जोड़ों को सम्मानित कर वर्ष में एक बार रक्तदान करने और यातायात नियमों की पालना का संकल्प दिलाया जाएगा।
शिक्षा में मदद: संस्था इन परिवारों के सर्वांगीण विकास और शिक्षा के क्षेत्र में भी पूरा सहयोग करेगी।
हर सामूहिक विवाह में गूंजेगा सुरक्षा का संदेश
संस्था ने घोषणा की है कि वे ब्यावर जिले और आसपास के क्षेत्रों की सभी सामूहिक विवाह समितियों के साथ एमओयू (MoU) साइन करेगी, ताकि हर गरीब और जरूरतमंद जोड़े
की गृहस्थी की शुरुआत सुरक्षा (हेलमेट) के संकल्प के साथ हो।
टॉडगढ़ बनेगा राजस्थान का नया पर्यटन केंद्र: गजेंद्र सिंह शेखावत
समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने ब्यावर क्षेत्र के लिए एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि माउंट आबू की गुरु शिखर के बाद टॉडगढ़ राजस्थान की दूसरी सबसे बड़ी चोटी है। इसे देश-दुनिया के नक्शे पर चमकाने के लिए पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। फाउंडेशन इस संबंध में जल्द ही एक विस्तृत प्रोजेक्ट बनाकर राजस्थान और केंद्र सरकार के पर्यटन मंत्रालयों से संपर्क साधेगा।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति:
समारोह के सफल आयोजन पर संस्था ने सम्राट पृथ्वीराज चौहान जन्मोत्सव समिति का आभार जताया। इस मौके पर प्रदेश महिला संयोजक ज्योत्सना चौहान, रवि सहित संस्था के कई पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
