जिंक के प्रस्तावित फर्टिलाइजर प्लांट पर रोक लगाने की मांग, ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन

चित्तौड़गढ़, 18 जून। स्मार्ट हलचल।ग्राम पुठोली एवं आसपास के क्षेत्र के ग्रामीणों ने हिन्दुस्तान जिंक द्वारा प्रस्तावित फर्टिलाइजर प्लांट के निर्माण कार्य पर आपत्ति जताते हुए जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्लांट का निर्माण आवश्यक पर्यावरणीय स्वीकृतियों एवं वैधानिक प्रक्रियाओं की पूर्णता से पूर्व किया जा रहा है, जिसकी निष्पक्ष जांच कराई जाए।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि प्रस्तावित फर्टिलाइजर प्लांट के निर्माण से क्षेत्र में पर्यावरणीय प्रभाव बढ़ने की आशंका है। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य के लिए आवश्यक स्वीकृतियां एवं सहमति प्रक्रियाएं पूरी नहीं की गई हैं तो संबंधित कार्यों पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की जांच कराई जाए तथा पर्यावरणीय नियमों और कानूनी प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि क्षेत्र के लोग पहले से ही औद्योगिक गतिविधियों के कारण वायु, जल एवं भूमि प्रदूषण जैसी समस्याओं को लेकर चिंतित हैं, ऐसे में किसी भी नए औद्योगिक प्रोजेक्ट के संबंध में सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन किया जाना आवश्यक है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से प्रस्तावित फर्टिलाइजर प्लांट के संबंध में विस्तृत निरीक्षण करवाकर आवश्यक कार्रवाई करने तथा जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के दौरान हरीश बैरवा, चन्द्रभान सिंह, रमेश चांदनी, चन्द्र सिंह, पन्नालाल, सुरेश साहू, नारायण बैरवा सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।