चित्तौड़ी आठम महोत्सव समिति ने श्रद्धा और उत्साह से मनाई महाराणा प्रताप जयंती

चित्तौड़गढ़, 18 जून। स्मार्ट हलचल।चित्तौड़ी आठम महोत्सव समिति द्वारा वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती श्रद्धा, गौरव एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समिति पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रताप सर्कल पहुंचकर महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनके आदर्शों को स्मरण किया।समिति के अमन गौड़ ने बताया कि बुधवार शाम आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने “जय शिवा सरदार की” और “जय राणा प्रताप की” के गगनभेदी नारों के साथ राष्ट्रगौरव महाराणा प्रताप को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

समिति अध्यक्ष मुकेश नाहटा ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल मेवाड़ के शासक नहीं, बल्कि स्वाभिमान, साहस और स्वतंत्रता के अमर प्रतीक हैं। उन्होंने जीवनभर विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उनका त्याग, संघर्ष और मातृभूमि के प्रति समर्पण आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

चित्तौड़गढ़ गौरव प्रन्यास के एडवोकेट संदीप सेठिया ने महाराणा प्रताप के अदम्य साहस और शौर्य का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जीवन राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने युवाओं से महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अध्यक्ष मुकेश नाहटा, एडवोकेट संदीप सेठिया, अमन गौड़, कुलदीप पारीक, अर्जुन जोशी, मुकेश खटीक, राजवीर कसेरा, राहुल सोनी, शुभम सेन, ललित मोदी, शुभम तनेजा, शुभम सोनी, लवीन वासवानी, विकास बोरदिया, राजवीर सोनी, भरत भारद्वाज, शिवलाल भोई, धर्मेन्द्र सिंह, दीपक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।