हाईवे पर काल बनकर खड़ा था ट्रेलर-बिशनपुरा के 29 वर्षीय मस्तराम मीणा की दर्दनाक मौत,

तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया-गरीब परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़-ग्रामीणों ने की आर्थिक सहायता व मुआवजे की मांग

शिवराज बारवाल मीना
टोंक/अलीगढ़।स्मार्ट हलचल।टोंक-सवाई माधोपुर नेशनल हाईवे-116 पर अलीगढ़ थाना क्षेत्र में बिशनपुरा गांव के पास बुधवार रात करीब 9:30 बजे हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 29 वर्षीय युवक मस्तराम मीणा की मौत हो गई।
हादसा उस समय हुआ जब उनकी मोटरसाइकिल हाईवे पर खड़े एक ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मस्तराम गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल सवाई माधोपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया गया। लेकिन उपचार के लिए जयपुर ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। बाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगढ़ में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
*माता-पिता पहले ही गुजर चुके थे-अब बच्चों के सिर से भी उठा पिता का साया*
मृतक मस्तराम मीणा अत्यंत साधारण और गरीब परिवार से थे। उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। हादसे के बाद उनकी पत्नी, तीन विवाहित बहनें तथा तीन मासूम बच्चे बेसहारा हो गए हैं। मृतक अपने पीछे 6 वर्षीय और 3 वर्षीय दो पुत्रों के साथ महज डेढ़ वर्ष की एक बेटी को छोड़ गए हैं, जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।
*गांव में शोक की लहर-सहायता की उठी मांग*
मस्तराम मीणा की असामयिक मृत्यु से बिशनपुरा गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने राज्य सरकार एवं प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए तत्काल उचित मुआवजा, आर्थिक सहायता तथा बच्चों के पालन-पोषण और शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि इस दुख की घड़ी में परिवार को सहारा मिल सके।