पत्नी और प्रेमी ने मिलकर की पति की हत्या, शव टांके में फेंका

बाड़मेर पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

बाड़मेर। स्मार्ट हलचल।बाड़मेर जिले की सदर थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम प्रसंग में बाधा बनने पर पति की हत्या कर शव को पानी के टांके में फेंक दिया गया था, ताकि घटना को हादसा या आत्महत्या का रूप दिया जा सके।

जिला पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य एवं वृत्ताधिकारी रमेश कुमार शर्मा के निर्देशन में सदर थानाधिकारी करतार सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मामले की जांच कर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस ने मृतक की पत्नी नेतल देवी तथा उसके कथित प्रेमी गुमान सिंह को गिरफ्तार किया है।

4 जून को टांके में मिला था शव

पुलिस के अनुसार 4 जून को महेशाराम ने अपने भाई तेजाराम का शव पानी के टांके में मिलने की सूचना दी थी। सूचना पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान मामले में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।

जांच के दौरान मृतक की पत्नी नेतल देवी और गुमान सिंह की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। इसके बाद पुलिस ने गहन पूछताछ और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई आगे बढ़ाई।

भाई ने दर्ज कराया हत्या का मामला

मामले में नया मोड़ तब आया जब 15 जून को मृतक के भाई महेशाराम ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोप लगाया कि उसके भाई तेजाराम की हत्या उसकी पत्नी नेतल देवी, गुमान सिंह और एक अन्य व्यक्ति ने मिलकर की है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक तेजाराम कथित रूप से पत्नी और उसके प्रेम संबंधों में बाधा बन रहा था। इसी कारण आरोपी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। बाद में शव को टांके में डालकर सबूत मिटाने का प्रयास किया गया।

कोर्ट में पेश, एक आरोपी जेल भेजा

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपी पत्नी नेतल देवी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया, जबकि आरोपी गुमान सिंह को आगे की पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है।

पुलिस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।