कार से टक्कर मार 50 हजार की लूट, रायला पुलिस ने 6 घंटे में किया खुलासा,तीन बदमाश गिरफ्तार,नगदी बरामद,कार जब्त

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा (रायला) // कुंडिया-विजयपुरा रोड पर बाइक सवार युवक को कार से टक्कर मारकर 50 हजार रुपए से भरा बैग लूटने की वारदात का रायला पुलिस ने महज छह घंटे में पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लूटी गई पूरी नकदी बरामद कर वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली है।

मिली जानकारी के अनुसार 17 जून की शाम विजयपुरा निवासी मुस्ताक अली सोलर कनेक्शन का कार्य पूरा कर बाइक से घर लौट रहे थे। कुंडिया कला के निकट पीछे से आई एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। सड़क पर गिरते ही कार में सवार युवकों ने उनके साथ मारपीट कर बैग छीन लिया और फरार हो गए। बैग में 50 हजार रुपए नकद तथा महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।

घटना की सूचना मिलते ही रायला थानाधिकारी मूलचंद वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई। जिलेभर में नाकाबंदी करवाई गई तथा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वारदात के छह घंटे के भीतर ही तीनों आरोपियों को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में सुनील पुत्र विजय गोड (24) निवासी पटेल नगर सेक्टर-11 भीलवाड़ा, चांदमल जाट पुत्र बंशीलाल (20) निवासी भागा का खेड़ा थाना मंगरोप तथा राहुल भांभी पुत्र महावीर (23) निवासी नांदसी जिला अजमेर हाल निवासी आजाद नगर भीलवाड़ा को डिटेन कर पूछताछ की गई जिसमें आरोपियों ने लूट करना स्वीकार किया,फिर इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने दिन में ही पीड़ित की रेकी कर ली थी। सुनसान स्थान पर मौका देखकर कार से टक्कर मारकर उसे गिराया गया और फिर मारपीट कर बैग लूट लिया गया।

एसपी सागर राणा के निर्देशन तथा एएसपी राजेश आर्य और सीओ सतीश मीणा के सुपरविजन में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 50 हजार रुपए नकद बरामद कर लिए। साथ ही वारदात में प्रयुक्त कार नंबर RJ-27-C-9153 को भी जब्त कर लिया गया।

पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड के साथ अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।