गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, 81 यूनिट रक्तदान कर युवाओं ने निभाया मानवता का फर्ज

गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, 81 यूनिट रक्तदान कर युवाओं ने निभाया मानवता का फर्ज

गुरुद्वारा सिंधुनगर में दिनभर सजे धार्मिक दीवान, शहरभर में लगी शर्बत की छबीलें, संगत ने किया सेवा-सिमरन

भीलवाड़ा, स्मार्ट हलचल।(महेन्द्र नागौरी) सिख पंथ के पांचवें गुरु, शहीदों के सिरताज साहिब श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज का पावन शहीदी दिवस गुरुवार को स्थानीय गुरुद्वारा साहिब सिंधुनगर में श्रद्धा, सेवा और समर्पण के भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जहां गुरुद्वारा परिसर में दिनभर धार्मिक दीवान सजे, वहीं शहरभर में ठंडे-मीठे शर्बत की छबीलें लगाकर राहगीरों की सेवा की गई। युवा वर्ग ने मानवता की सेवा का संदेश देते हुए रक्तदान शिविर आयोजित कर 81 यूनिट रक्त संग्रहित किया।
गुरबाणी कीर्तन से निहाल हुई संगत, गुरु इतिहास का किया स्मरण
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सचिव ऋषिपाल सिंह ने बताया कि प्रातः श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति के बाद ज्ञानी करनैल सिंह एवं ज्ञानी सुखबीर सिंह ने गुरबाणी कीर्तन कर संगत को निहाल किया। कीर्तन के दौरान “रे मन राम सियो कर प्रीत” एवं “जपयो जिन अर्जन देव गुरु” जैसी पावन बाणियों का गायन किया गया। ज्ञानीजनों ने गुरु अर्जन देव जी के जीवन, त्याग और बलिदान पर प्रकाश डालते हुए संगत को उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया।
यातनाएं सहकर भी दिया प्रेम और सहनशीलता का संदेश:-
धार्मिक प्रवचन में बताया गया कि मुगल शासक जहांगीर द्वारा दी गई अमानवीय यातनाओं को सहते हुए भी गुरु अर्जन देव जी ने ईश्वर की रजा में रहने का संदेश दिया। उनका अमर वचन “तेरा कीआ मीठा लागे” आज भी करोड़ों श्रद्धालुओं को धैर्य और समर्पण की प्रेरणा देता है। गुरुजी द्वारा रचित सुखमनी साहिब और श्री गुरु ग्रंथ साहिब के संपादन की ऐतिहासिक भूमिका का भी उल्लेख किया गया।
शहरभर में लगी सेवा की छबीलें, राहगीरों को पिलाया मीठा शर्बत:-
सामूहिक अरदास एवं कढ़ाह प्रसाद वितरण के बाद संगत के सदस्यों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में शर्बत की छबीलें लगाकर भीषण गर्मी में राहगीरों की सेवा की। श्रद्धालुओं ने इसे गुरु सेवा और मानव सेवा का श्रेष्ठ माध्यम बताया।
खालसा सेवा संस्थान का रक्तदान शिविर बना आकर्षण का केंद्र:-
शहीदी दिवस पर सिख यूथ ग्रुप ‘खालसा सेवा संस्थान’ द्वारा आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले शिविर में 81 यूनिट रक्तदान हुआ। रक्तदाताओं की निःशुल्क शुगर एवं ब्लड प्रेशर जांच भी की गई।
संस्थान के जानिश सिंह, पवनीत सिंह, निश्चलजीत सिंह, हरप्रीत सिंह, अमनदीप सिंह और गुरकीरत सिंह ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। सभी रक्तदाताओं को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।
गुरु का अटूट लंगर वितरित, सेवाधारियों का किया सम्मान:-
गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष इंद्रपाल सिंह सोनी ने बताया कि शहीदी पर्व के उपलक्ष्य में पिछले कई दिनों से श्री सुखमनी साहिब के पाठ चल रहे थे। शाम को विशेष कीर्तन दीवान के पश्चात स्त्री सत्संग सभा द्वारा गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में इकबाल सिंह, गुरप्रीत सिंह, गौरव नागपाल, दर्शन सिंह, जसमीत सिंह, श्रवण सिंह सहित बड़ी संख्या में संगत ने सेवाएं देकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सेवा, सिमरन और रक्तदान के संग मनाया गया शहादत का पर्व
गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर आयोजित धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि सच्ची श्रद्धांजलि केवल स्मरण में नहीं, बल्कि सेवा, परोपकार और मानव कल्याण के कार्यों में निहित है। रक्तदान, छबील सेवा और लंगर के माध्यम से संगत ने गुरु परंपरा के आदर्शों को जीवंत रूप से प्रस्तुत किया।