हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी)। राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत नगर पालिका हमीरगढ़ ने शुक्रवार को मुणपुरा शहरी क्षेत्र में सरकारी भूमि पर वर्षों से किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की बड़ी कार्रवाई की। प्रशासन ने पुलिस एवं राजस्व विभाग के सहयोग से जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध निर्माण ध्वस्त कर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। नगर पालिका प्रशासक एवं उपखंड अधिकारी झंवर लाल मित्तल तथा अधिशाषी अधिकारी भानु प्रताप सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक कुई, रास्तों और सरकारी भूमि पर किए गए पक्के एवं कच्चे निर्माण, बाउंड्री वॉल और चबूतरों को हटाया गया। नगर पालिका के अनुसार अवैध अतिक्रमण के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही जल निकासी और सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। शहरी सेवा शिविर के दौरान इस संबंध में मिली शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन की सख्त कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
इस मौके पर नगर पालिका के कनिष्ठ अभियंता विशाल पारिक, कनिष्ठ सहायक विजय कुमार माली, कनिष्ठ तकनीकी सहायक मनोहर लाल डट, एसबीएस इंजीनियर निखिल यादव सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। नगर पालिका ने आमजन से अपील की है कि सरकारी भूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा नगर के विकास कार्यों में सहयोग करें। प्रशासन ने बताया कि अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर जनहित से जुड़े विकास कार्य कराए जाएंगे।
