हमीरगढ़-चित्तौड़गढ़ मुख्य मार्ग पर जलभराव: रेलवे अंडरब्रिज बना मुसीबत, आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित

हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी)। नेशनल हाईवे-48 पर तख्तपुरा पुलिया के पास स्थित रेलवे अंडरब्रिज में बारिश का पानी भर जाने से हमीरगढ़ से चित्तौड़गढ़ जाने वाला मुख्य मार्ग बाधित हो गया है। अंडरब्रिज में जलभराव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई दोपहिया और चारपहिया वाहनों के इंजन पानी में बंद हो गए, जिससे लोगों को काफी देर तक जूझना पड़ा। समाजसेवी यह मार्ग केवल आम आवागमन के लिए ही नहीं, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में भी बेहद महत्वपूर्ण है। नेशनल हाईवे-48 पर किसी सड़क दुर्घटना में घायल होने वाले लोगों को प्राथमिक उपचार और अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस सहित अन्य वाहन इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। ऐसे में अंडरब्रिज में जलभराव होने से आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। इसके अलावा आसपास स्थित औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत सैकड़ों मजदूर प्रतिदिन इसी मार्ग से आवाजाही करते हैं। रोजाना सैकड़ों दोपहिया, चारपहिया वाहन और पैदल राहगीर इस रास्ते से गुजरते हैं। रेलवे फाटक बंद होने की स्थिति में यह मार्ग और भी अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है, लेकिन बारिश के दौरान अंडरब्रिज में पानी भर जाने से लोगों को लंबा चक्कर लगाने या जोखिम उठाकर पानी से गुजरने को मजबूर होना पड़ता है। समाजसेवी विकास पारीक ने बताया कि पिछले वर्षों में रेलवे प्रशासन द्वारा टेंडर प्रक्रिया से अंडरब्रिज से पानी निकालने के लिए पंप की व्यवस्था की जाती थी, जिससे आवागमन सामान्य बना रहता था। पिछले 2-3 माह से अब तक ऐसी कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे हर बारिश के बाद यही समस्या सामने आ रही है। क्षेत्रवासियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि अंडरब्रिज में स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित की जाए तथा बारिश के मौसम में तत्काल स्थाई पंप लगाकर पानी निकाला जाए, ताकि हमीरगढ़-चित्तौड़गढ़ के इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात और आपातकालीन सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित हो सकें।