योग जागरूकता रैली के माध्यम से दिया स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग का संदेश

बिजौलिया, 19 जून 2026।स्मार्ट हलचल।12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुर्वेद विभाग, उपखंड प्रशासन, नगरपालिका एवं पंचायत समिति बिजौलिया के संयुक्त तत्वावधान में “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम पर योग जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली का शुभारंभ नगरपालिका पंचायत चौक, बिजौलिया से हुआ तथा यह नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नवीन भवन, जावदा रोड, बिजौलिया पहुंची। रैली में आयुर्वेद विभाग, उपखंड प्रशासन, नगरपालिका एवं पंचायत समिति के अधिकारी-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने योग संबंधी नारों एवं योग गीतों के माध्यम से जनसामान्य को योग के प्रति जागरूक किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। नगरवासियों ने भी रैली का स्वागत करते हुए योग को दैनिक जीवन में अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
नोडल प्रभारी डॉ. संजय नागर ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 21 जून 2026 को प्रातः 7:00 बजे से 8:00 बजे तक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नवीन भवन, जावदा रोड, बिजौलिया में उपखंड स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा नियमित योगाभ्यास से स्वस्थ, सक्रिय एवं निरोग जीवन की प्राप्ति संभव है।
रैली के समापन पर उपस्थितजनों को नियमित योग करने तथा अपने परिवार एवं समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया गया।