सनसनी: खेत में पेड़ से बंधा मिला युवक का शव, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी बीगोद पुलिस
बीगोद, 20 जून 2026। बीगोद थाना क्षेत्र के चमना बा की झोपड़ियां गांव में एक खेत पर युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि युवक का शव एक पेड़ पर रस्सी से बंधा हुआ पाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सूचना मिलते ही बीगोद थाना पुलिस तुरंत जाप्ते के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक युवक की पहचान सांवरमल गुर्जर के रूप में की गई है। पुलिस को मृतक के नजदीक ही खाने के पत्तल और दोने बरामद हुए हैं, जिससे घटना स्थल पर अन्य लोगों की मौजूदगी की प्रबल आशंका जताई जा रही है। शव को रस्सी से बांधे होने के कारण मामला बेहद पेचीदा हो गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, जांच जारी:
यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का, पुलिस दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर गहनता से मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के बाद मृतक सांवरमल के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा, जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।

