सरदारपुरा गांव की मुख्य सड़क कीचड़ से लबालब, ग्रामीणों का आवागमन हुआ दूभर,प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग

सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल।शाहपुरा शहर में फुलिया कलां उपखंड क्षेत्र के सरदारपुरा गांव की मुख्य सड़क इन दिनों कीचड़ और जलभराव की समस्या से पूरी तरह प्रभावित है। सड़क पर फैले कीचड़ के कारण ग्रामीणों, विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव की इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों एवं प्रशासन को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। धरातल पर किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जमा कीचड़ के कारण दोपहिया वाहन चालक फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त होने के खतरे में रहते हैं, वहीं पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक विकट हो जाती है, जिससे गांव का मुख्य मार्ग परेशानी का कारण बन गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जनसमस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। कई बार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने से लोगों का प्रशासन पर भरोसा कमजोर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि समस्या का जल्द स्थायी समाधान कराया जाए तथा सड़क की मरम्मत और जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।