स्मार्ट हलचल की खबर का दमदार असर: जागा प्रशासन, पीपलूंद बाईपास पर आखिरकार लगा सूचना बोर्ड, 16 करोड़ की लागत उजागर

जहाजपुर-भीलवाड़ा | “स्मार्ट हलचल” की खबर का असर | PWD एक्शन

स्मार्ट हलचल की खबर का दमदार असर: जागा प्रशासन, पीपलूंद बाईपास पर आखिरकार लगा सूचना बोर्ड, 16 करोड़ की लागत उजागर

बिना बोर्ड और बिना जवाबदेही के चल रहे खेल का हुआ था पर्दाफाश; शनिवार को PWD ने आनन-फानन में लगवाया डिस्प्ले बोर्ड, ग्रामीणों ने अब गुणवत्ता जांच की उठाई मांग
विशेष ग्राउंड इंपैक्ट रिपोर्ट: अलकेश पारीक (जहाजपुर)

जहाजपुर, 21 जून 2026। पीपलूंद बाईपास निर्माण कार्य में लंबे समय से सूचना बोर्ड नहीं लगाए जाने को लेकर उठ रहे सवालों और ‘स्मार्ट हलचल’ मीडिया में लगातार प्रकाशित खबरों के बाद आखिरकार प्रशासन और निर्माण एजेंसी की नींद खुली है। शनिवार को निर्माण स्थल पर राजस्थान सरकार एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) का आधिकारिक सूचना बोर्ड लगा दिया गया, जिसमें कार्य की लागत, निर्माण एजेंसी, अधिकारियों के नाम और कार्य अवधि की जानकारी अंकित की गई है।

खबर का असर: सामने आया 16 करोड़ रुपये का सच:

बाईपास निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से मौके पर किसी प्रकार का सूचना बोर्ड नहीं था, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों को यह तक पता नहीं था कि करोड़ों रुपये के इस कार्य की लागत कितनी है और इसे कौन सी एजेंसी बना रही है। इस मामले को ‘स्मार्ट हलचल’ ने प्रमुखता से उठाया था। अब बोर्ड लगने के बाद साफ हो गया है कि यह कार्य लगभग 16 करोड़ रुपये की स्वीकृत राशि से किया जा रहा है।

ग्रामीणों की अब अगली मांग — गुणवत्ता और अवैध मिट्टी दोहन की हो जांच:
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मीडिया द्वारा इस गंभीर मुद्दे को पूरी प्रखरता से नहीं उठाया जाता, तो शायद आज भी निर्माण कार्य बिना पूरी जानकारी सार्वजनिक किए मनमाने तरीके से जारी रहता। ग्रामीणों ने अब प्रशासन से स्पष्ट मांग की है कि केवल बोर्ड लगाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि निर्माण कार्य की वास्तविक तकनीकी गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और पूर्व में चारागाह भूमि से बिना अनुमति किए गए अवैध मिट्टी दोहन जैसे संगीन आरोपों की भी निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।