योगमय हुआ भीलवाड़ा, हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

महेन्द्र नागौरी

भीलवाड़ा |स्मार्ट हलचल।अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार सुबह भीलवाड़ा पूरी तरह योगमय नजर आया। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शांति भवन में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ (Yoga for Healthy Ageing) थीम पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी, विधायक लादूलाल पितलिया, प्रभारी सचिव मंजू राजपाल, जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू, एडीएम प्रतिभा देवठिया, जिला परिषद सीईओ चंद्रभान सिंह भाटी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन भी सुना। प्रधानमंत्री ने योग को भारत की विश्व को दी गई अमूल्य धरोहर बताते हुए इसे स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन का आधार बताया।
जिला नोडल अधिकारी डॉ. जी.एल. शर्मा ने बताया कि योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। इस दौरान सभी ने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का संकल्प लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और सकारात्मक बनाने वाली संपूर्ण जीवनशैली है। वहीं सांसद दामोदर अग्रवाल ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए स्वस्थ, स्वच्छ और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने स्वयं, परिवार, समाज और विश्व में शांति, स्वास्थ्य और सकारात्मकता के प्रसार का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन आयुर्वेद विभाग के पूर्व उपनिदेशक डॉ. सत्यनारायण शर्मा ने किया।