वैष्णव वैरागी समाज की आम बैठक आयोजित, सामूहिक विवाह और बालिका शिक्षा पर बनी रूपरेखा; प्री-वेडिंग शूट पर लगाया पूर्ण प्रतिबंध

उदयपुर 21 जून
स्मार्ट हलचल।समस्त वैष्णव वैरागी समाज “आठ बैठक” जिला उदयपुर की एक महत्वपूर्ण आम बैठक रविवार को जोगणिया माता मंदिर (पावर हाउस) परिसर में आयोजित की गई। इस बैठक में मेवाड़, वागड़ और 56 सेरा क्षेत्र से लगभग 800 समाज बंधुओं ने भाग लिया। बैठक में समाज विकास, सामाजिक कुरीतियों पर रोक और बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने जैसे कई अहम निर्णय लिए गए।

विवाह में तड़क-भड़क पर रोक, प्री-वेडिंग शूट प्रतिबंधित

बैठक में समाज सुधार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया। इसके तहत शादियों में बढ़ते फिजूलखर्च और तड़क-भड़क को रोकने के लिए प्री-वेडिंग फोटोशूट पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके साथ ही आगामी दिनों में आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह सम्मेलन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श कर रूपरेखा तैयार की गई।

बालिका शिक्षा और समाज भवन पर जोर

समाज की बालिकाओं को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उन्हें अध्ययन के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया। वहीं, समाज की गतिविधियों और आयोजनों के लिए उदयपुर शहर के आसपास के क्षेत्र में एक भव्य समाज भवन बनाने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक में समाज के वरिष्ठ एवं गणमान्य नागरिक नारायण दास, पूरण दास (पायडा), जमना दास, उप जिला शिक्षा अधिकारी लक्ष्मण दास वैष्णव, मोहन दास, अशोक वैष्णव, बद्री दास, भरत वैष्णव, मुकेश वैष्णव, अर्जुन वैष्णव, जमनादास (मनियाना), चिराग वैष्णव, मोड़ीदास, सोसर दास, दुर्गेश दास, रौशन दास, पूर्व पार्षद कर्ण दास, नरेश वैष्णव (गुड्डू), देवकिशन दास, बाबूदास, माधव दास और शंकर दास (बिछड़ी) सहित सैकड़ों समाजजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन हरीश वैष्णव ने किया। बैठक के समापन पर युवा कार्यकारिणी की ओर से सभी उपस्थित समाज बंधुओं के लिए स्नेह भोज का आयोजन किया गया।