बी एम राठौर
सांगोद 21 जून, रविवार
स्मार्ट हलचल।सांगोद लक्ष्मीपुरा क्षेत्र में बुआई का समय नजदीक है, लेकिन किसानों के सामने खेत तक पहुंचने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। नहर किनारे के अंदर से खेतों तक जाने वाला मार्ग जर्जर और कीचड़ से भरा पड़ा है। कुछ लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण रास्ता लगभग बंद हो गया है।
इस क्षेत्र में 20 से अधिक किसानों की जमीन इसी मार्ग से जुड़ी हुई है, लेकिन रास्ता खराब होने से ट्रैक्टर तक खेतों में नहीं पहुंच पा रहे हैं। किसानों को बुआई के लिए बीज, खाद और कृषि उपकरण खेत तक ले जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के बाद पूरा रास्ता दलदल में बदल जाता है, जिससे दोपहिया वाहन तक फंस जाती है। किसानों का कहना है कि कई बार प्रशासन को शिकायत देने के बावजूद अब तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया है और न ही रास्ते की मरम्मत करवाई गई है।
रास्ता बंद होने से किसानों की बुआई समय पर शुरू नहीं हो पा रही है। इससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है और लागत भी बढ़ रही है। किसानों का कहना है कि यदि समय पर रास्ता नहीं खुला तो पूरा फसल चक्र प्रभावित हो जाएगा। साथ ही, फसल तैयार होने के बाद उसे मंडी तक ले जाने में भी परेशानी होगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नहर किनारे से खेतों तक पक्का रास्ता बनाया जाए तथा अतिक्रमण हटाकर मार्ग को जल्द से जल्द चालू किया जाए। किसानों का कहना है कि समय पर रास्ता मिलने से ही वे बुआई कर अपनी आजीविका बचा पाएंगे।
कृषक मीना देवी, रामरतन कुशवाह, बनवारी कुशवाह एवं मुकेश कुशवाह ने यह जानकारी दी।
