मोड़ का निंबाहेड़ा (सुरेश चन्द्र मेघवंशी)
आसींद क्षेत्र के ग्राम नारायणपुरा में स्थित भगवान देवनारायण के नवीन मंदिर में शिखर कलश स्थापना एवं मूर्ति स्थापना के उपलक्ष्य में आयोजित सात दिवसीय देवनारायण महोत्सव का रविवार को भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव के तहत पंचकुण्डीय विष्णु महायज्ञ सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
महोत्सव में अंतरराष्ट्रीय तीर्थस्थल सवाई भोज के महंत 1008 श्री सुरेशदास जी महाराज भी शामिल हुए। इस अवसर पर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया तथा आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन को लेकर ग्रामीणों एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
महोत्सव की शुरुआत रविवार सुबह गणपति पूजन से हुई। इसके बाद अकपनिया देवजी से देवनारायण मंदिर नारायणपुरा तक विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें 511 महिलाओं ने भाग लेकर श्रद्धा और आस्था का परिचय दिया। कलश यात्रा के साथ मंडप प्रवेश कार्यक्रम भी संपन्न हुआ।
सोमवार को प्रातः देव हवन एवं भगवान देवनारायण, नीलाघर घोड़ा, साडू माताजी तथा चारों दिशाओं के देवताओं की प्रतिष्ठा की गई। इसके साथ ही मंडप पूजन, देवता पूजन, अग्नि स्थापना एवं हवन का शुभारंभ हुआ। धार्मिक अनुष्ठान प्रतिदिन प्रातः 8:15 बजे से 11 बजे तक तथा दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक आयोजित किए जा रहे हैं।
महायज्ञ का आयोजन यज्ञाचार्य सुरेश शास्त्री एवं उप यज्ञाचार्य पंडित रामचन्द्र बोहरा के सानिध्य में संपन्न हो रहा है।
महोत्सव के तहत शुक्रवार रात्रि 8:15 बजे से विशाल भजन संध्या एवं जागरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस का आनंद लेंगे। वहीं शनिवार को प्रभात फेरी के साथ मूर्ति स्थापना कार्यक्रम होगा तथा अभिजीत मुहूर्त में शिखर कलश स्थापना एवं पूर्णाहुति के साथ महोत्सव का समापन किया जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार 21 जून से 27 जून तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से भोजन प्रसादी की व्यवस्था रहेगी। नारायणपुरा के समस्त ग्रामीणों ने क्षेत्र के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।
