नयागांव मीणा में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन, सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ
दिलखुश मोटीस
सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल।ग्राम पंचायत नयागांव मीणा में जनकल्याण शिविर के अंतर्गत ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया, जिसमें 22 विभागों ने भाग लेकर आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया। शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति रही और विभिन्न विभागों द्वारा मौके पर ही कई प्रकरणों का निस्तारण किया गया।
शिविर में शिविर प्रभारी उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई, विकास अधिकारी संगीता व्यास, नायब तहसीलदार अर्पिता चौधरी, मुख्यमंत्री कार्यालय प्रतिनिधि अंतिमा कुमारी, अतिरिक्त विकास अधिकारी देवकरण बैरवा, स्वच्छ भारत मिशन ब्लॉक कोऑर्डिनेटर प्रियंक दाधीच, प्रशासक रामप्रसाद मीणा, ग्राम विकास अधिकारी सुरजीत मीणा, कनिष्ठ सहायक दिलीप सिंह, राकेश गुर्जर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। शिविर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जहां ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शिविर में 12 पट्टों का वितरण किया गया तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत 7 व्यक्तिगत शौचालय स्वीकृत किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के 2 लाभार्थियों को तीसरी किस्त जारी की गई। इसके अलावा 2 पेंशन सत्यापन, 1 दिव्यांगजन स्कूटी आवेदन, 17 जन आधार संशोधन तथा प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 3 नए बैंक खाते खोले गए। महिला अधिकारिता विभाग ने कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित कर बालिकाओं के प्रति सकारात्मक संदेश दिया।
कृषि विभाग द्वारा 50 मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए, जबकि चिकित्सा विभाग ने 99 और आयुर्वेद विभाग ने 31 रोगियों को उपचार एवं परामर्श सेवाएं प्रदान कीं। परिवहन विभाग ने 9 लाभार्थियों का स्मार्ट कार्ड पंजीकरण किया।
राजस्व विभाग द्वारा 2 खातों का शुद्धिकरण, 3 आपसी सहमति एवं बंटवारा प्रकरणों का निस्तारण, 5 प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि पंजीकरण तथा 2 सीमा ज्ञान-पत्थरगढ़ी प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसके साथ ही नामांतरण, जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र संबंधी कार्य भी किए गए।
शिविर में ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया तथा सरकार की इस पहल की सराहना की।
