ए.एन.टी.एफ का नशे पर प्रहार: 644 ग्राम गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार, स्निफर डॉग ने निभाई अहम भूमिका

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। राजस्थान में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और हमीरगढ़ थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 644 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। इस पूरे ऑपरेशन की खास बात यह रही कि पुलिस के प्रशिक्षित स्निफर डॉग ने गांजे की पहचान करने में अहम भूमिका निभाई।

एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में प्रदेशभर में नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कार्यबल को सूचना मिली थी कि हमीरगढ़ थाना क्षेत्र स्थित बिलिया कला डेयरी के पास पारा रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर खड़ा है।

सूचना मिलते ही एएनटीएफ और हमीरगढ़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस वाहनों को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बंशीलाल (47) पुत्र प्यारालाल बलाई, निवासी बिलिया कला बताया। तलाशी के दौरान प्रशिक्षित खोजी कुत्ते की मदद से उसके पास मौजूद प्लास्टिक की थैली की जांच की गई, जिसमें से 644 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया।

आईजी विकास कुमार ने बताया कि नशे के खिलाफ इस सफल कार्रवाई में शामिल एएनटीएफ एवं हमीरगढ़ थाना पुलिस के अधिकारियों और जवानों को कार्यबल मुख्यालय जयपुर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।

आमजन से अपील

एएनटीएफ ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति अवैध मादक पदार्थों की तस्करी या अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।