योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का दिया संदेश, 100 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों ने लिया भाग
जयपुर। स्मार्ट हलचल।अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में निदेशालय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं (ईएसआई), राजस्थान, जयपुर में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभाग के 100 से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग, ध्यान और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को समझा।कार्यक्रम संयोजक गिरिराज सोनी ने बताया कि योग प्रशिक्षक अलका शर्मा ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासनों, सूक्ष्म व्यायामों तथा ध्यान की विधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने योग के नियमित अभ्यास से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक लाभों की भी विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. श्रीमती दलबीर कौर ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में योग तनावमुक्त एवं स्वस्थ रहने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं डॉ. अनुराधा असवाल ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी प्रतिभागियों को योग को आत्मसात करने तथा नियमित अभ्यास करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास एवं ध्यान सत्र में भाग लिया तथा स्वस्थ जीवन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
अंत में कार्यक्रम संयोजक गिरिराज सोनी ने मुख्य अतिथि, अध्यक्ष, योग प्रशिक्षक, उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों एवं आयोजन टीम का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वालों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
