पांचना बांध का पानी 6 दिन में छोड़ने का आश्वासन, मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के भरोसे पर खंडीप महापंचायत समाप्त

गंगापुर सिटी, स्मार्ट हलचल। वजीरपुर उपखंड क्षेत्र के खंडीप में पांचना बांध का पानी कमांड क्षेत्र की नहरों में छोड़े जाने की मांग को लेकर पिछले 20 दिनों से चल रही किसान महापंचायत बुधवार को कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के आश्वासन के बाद समाप्त हो गई। मंत्री ने 1 जुलाई तक नहरों में पानी पहुंचाने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि तय समय में पानी नहीं आया तो वे स्वयं पांचना बांध पर किसानों के साथ धरना देंगे।
महापंचायत के अंतिम दिन हजारों किसान, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि किसानों को खरीफ के साथ रबी फसल के लिए भी पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
दौसा सांसद मुरारी लाल मीणा ने कहा कि पांचना बांध का मुद्दा करीब 20 वर्षों से लंबित है और यह क्षेत्र की जनभावना से जुड़ा हुआ है। गंगापुर सिटी विधायक रामकेश मीणा ने किसानों को भरोसा दिलाया कि सभी जनप्रतिनिधि उनके साथ हैं।
महवा विधायक राजेन्द्र मीणा, सपोटरा विधायक हंसराज मीणा, बामनवास विधायक इन्द्रा मीणा और जमवारामगढ़ विधायक महेन्द्र पाल मीणा ने भी किसानों की मांग का समर्थन करते हुए जल्द नहरों में पानी पहुंचाने की बात कही।
वरिष्ठ किसान नेता भागचंद सैनी ने कहा कि किसानों के संघर्ष का परिणाम अब सामने आने की उम्मीद है। मंत्री के आश्वासन के बाद महापंचायत समिति ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा कर दी। अब किसानों की नजरें 1 जुलाई पर टिकी हैं।