सूरौठ।स्मार्ट हलचल।पांचना बांध का पानी कमांड क्षेत्र की नहरों में खोलने की मांग को लेकर वजीरपुर तहसील के गांव खंडीप में चल रही महापंचायत में भाग लेने के लिए सूरौठ क्षेत्र के हजारों लोग बुधवार को जयकारों के साथ रवाना हुए। सूरौठ, भुकरावली, ताहरपुर, धाधरैन आदि गांवों के किसानों ने कस्बा सूरौठ से खंडीप तक वाहन रैली निकाली। इस दौरान लोगों ने नारेबाजी की तथा सरकार से पांचना का पानी कमांड क्षेत्र की नहरों में अविलंब छोड़ने की मांग की।
सूरौठ, भुकरावली, धाधरैन, ताहरपुर आदि गांवों के हजारों की संख्या में मीणा समाज के लोग एवं किसान यहां बस स्टैंड के पास एकत्रित हुए तथा बस, जीप, ट्रैक्टर, कार व अन्य वाहनों से खंडीप में चल रही महापंचायत एवं महापड़ाव के लिए रवाना हुए। इस दौरान लोगों ने मीन भगवान, बूढंदे बाबा एवं किसान एकता जिंदाबाद के नारे लगाए। वाहन रैली सूरौठ से शुरू हुई तथा हिंडौन, कांचरौली, खेड़ा जमालपुर, कटकड, मेडी होते हुए खंडीप महापंचायत में पहूंची। रास्ते में वाहन रैली पर किसानों ने पुष्य वर्षा की। वाहन रैली में हजारों की संख्या में पुरुष एवं महिलाएं शामिल हुई। रैली के दौरान महिलाओं एवं किसानों ने डीजे की धुन पर नृत्य किया। वाहन रैली में लोगों ने तिरंगा एवं किसान एकता के बैनर लगाए। खंडीप में चल रही किसान महापंचायत में सूरौठ मीणा समाज की ओर से एक लाख ग्यारह हजार रुपए की सहयोग राशि संघर्ष समिति को भेंट की गई। इसी तरह भुकरावली मीणा समाज ने एक लाख ग्यारह हजार रुपए एवं धाधरैन मीणा समाज ने एक लाख रुपए की सहयोग राशि भेंट की। गांव भुकरावली निवासी पूर्व प्रधान शिवराज मीणा की ओर से एक लाख रुपए की सहयोग राशि खंडीप महापंचायत में भेंट की गई।
