मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित, व्यवस्थाओं पर हुई चर्चा

दिलखुश मोटीस

सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल।जिला कलेक्टर अजमेर एवं जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सावर पुलिस थाना परिसर में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक उपखंड अधिकारी भगवती प्रसाद वैष्णव ने की, जबकि थाना प्रभारी बनवारी लाल मीणा मौजूद रहे।
बैठक में मोहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर शांति समिति के सदस्यों से विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने ताजिया जुलूस के निर्धारित मार्गों का अवलोकन कर रास्ते में आने वाले संभावित अवरोधों को समय रहते हटाने के निर्देश दिए। साथ ही जुलूस मार्ग पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग के कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
अधिकारियों ने सभी समुदायों के लोगों से आपसी भाईचारे, सद्भाव और सहयोग की भावना बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की। बैठक में शांति समिति के सदस्य अशोक गंदेरिया, रंगलाल भील, शब्बीर मोहम्मद, इकबाल मोहम्मद, बीसायती, रफीक मोहम्मद, लक्ष्मी नारायण मालावत, आदित्य योगी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।