मंदिर परिसर में महिला मंडल की बैठक, प्रतिदिन भजन-कीर्तन एवं गुरुवार को हल्दी-मेहंदी रस्म आयोजित करने का निर्णय
बड़ोदिया (बांसवाड़ा), 24 जून।
स्मार्ट हलचल।श्री विश्वकर्मा मंदिर, बड़ोदिया में 26 एवं 27 जून को आयोजित होने वाले भव्य श्री विष्णुयज्ञ एवं कीर्ति स्तंभ प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन को सफल एवं भव्य बनाने के लिए बुधवार को मंदिर परिसर में महिला मंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि महोत्सव से पूर्व प्रतिदिन सायंकाल मंदिर परिसर में महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन एवं धार्मिक मंगलगान किए जाएंगे, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण का निर्माण हो सके। साथ ही गुरुवार को पारंपरिक हल्दी-मेहंदी रस्म का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें समाज की महिलाएं उत्साहपूर्वक भाग लेंगी।
महिला मंडल की सदस्यों ने कहा कि कीर्ति स्तंभ प्रतिष्ठा महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज की एकता, संस्कृति और आस्था का महापर्व है। ऐसे आयोजनों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से धार्मिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर मिलता है।
बैठक में महोत्सव के दौरान स्वागत, पूजन, प्रसाद वितरण तथा अन्य व्यवस्थाओं में महिलाओं की सहभागिता को लेकर भी चर्चा की गई। उपस्थित महिलाओं ने आयोजन को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का संकल्प लिया।
बैठक में शांता देवी, कमला देवी, कांता देवी, मंजुला देवी सहित महिला मंडल की सभी सदस्य उपस्थित रहीं। इस दौरान महोत्सव की तैयारियों को लेकर उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।
उल्लेखनीय है कि समस्त गुजराती मेवाड़ा सुथार समाज एवं श्री विश्वकर्मा सेवा संस्थान, बड़ोदिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय महोत्सव में श्री विष्णुयज्ञ, कीर्ति स्तंभ प्रतिष्ठा, संगीतमय सुंदरकांड, महाआरती एवं महाप्रसाद सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
