मृतक शिक्षक के नाम से पेंशन डकारने का महाघोटाला: शिकायत के 4 माह बाद भी न मुकदमा दर्ज, न विभागीय कार्रवाई
जहाजपुर/भीलवाड़ा, 25 जून 2026। जहाजपुर क्षेत्र के लुहारीकलां गांव की एक महिला ने अपने दिवंगत ससुर के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर पेंशन राशि निकालने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि पुलिस अधीक्षक और शिक्षा विभाग को लिखित शिकायत दिए चार महीने बीत जाने के बावजूद न तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है और न ही शिक्षा विभाग ने कोई विभागीय कार्रवाई शुरू की है, जिससे दोषियों के हौसले बुलंद हैं।
शिकायतकर्ता सुनीता देवी ने पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ा को दिए परिवाद में बताया कि उनके ससुर शिवजीराम मीणा शिक्षा विभाग में वरिष्ठ अध्यापक (हिंदी व्याख्याता) के पद से सेवानिवृत्त थे तथा उनका 25 मई 2024 को निधन हो चुका है। इसके बावजूद कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उनके नाम से लगातार पेंशन राशि निकाली जा रही है। आरोप है कि मृतक का मृत्यु प्रमाण पत्र समय पर जारी नहीं कराया गया और रिकॉर्ड में जानबूझकर संशोधन छिपाया गया, ताकि बैंक और सरकारी अभिलेखों से अवैध लाभ लिया जा सके।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि इस बड़े घोटाले की जानकारी उच्चाधिकारियों को देने और विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी दी जा रही है। शिकायत में परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए नामजद एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।
न्याय की आस में भटक रही पीड़िता, कार्रवाई का इंतजार:
सुनीता देवी का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में पुलिस प्रशासन और संबंधित शिक्षा विभागों को सभी आवश्यक साक्ष्यों के साथ लिखित शिकायतें दी थीं, लेकिन 4 माह बाद भी प्रशासनिक चुप्पी टूटने का नाम नहीं ले रही है। इससे शिकायतकर्ता और स्थानीय ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की त्वरित व निष्पक्ष जांच कर सरकारी धन का गबन करने वाले दोषियों को सलाखों के पीछे भेजने और परिवार को पर्याप्त सुरक्षा कवच उपलब्ध कराने की मांग की है।
