जनकल्याण ग्रामीण सेवा शिविर में गूंजी कासोरिया की पथवारी से जासोरिया मार्ग की मांग, अधिकारियों ने किया निरीक्षण, सीसी सड़क निर्माण का दिया आश्वासन

Public Welfare Rural Service Camp

कासोरिया। स्मार्ट हलचल।जनकल्याण ग्रामीण सेवा शिविर में ग्रामीण कुलदीप उपाध्याय ने कासोरिया की पथवारी से जासोरिया मार्ग के स्थायी समाधान की मांग प्रमुखता से उठाई। उन्होंने बताया कि बरसात के दौरान यह मार्ग लगभग छह माह तक कीचड़ और दलदल में तब्दील रहता है, जिससे किसानों, विद्यार्थियों, पशुपालकों एवं आम ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

मांग पर तत्काल संज्ञान लेते हुए उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार बनेड़ा, विकास अधिकारी, पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों सहित पटवारी एवं ग्राम विकास अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने सड़क का स्तर नीचा होने, जल निकासी के अभाव तथा अतिक्रमण के कारण उत्पन्न समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।

निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने ग्रामीणों को उक्त मार्ग पर सीसी सड़क निर्माण कराने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने मांग की कि इस बार केवल आश्वासन नहीं, बल्कि शीघ्र प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दिलाकर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।

विदित रहे कि उक्त मांग इससे पूर्व माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के भीलवाड़ा जिले के खारी का लाम्बा प्रवास के दौरान भी उनके समक्ष रखी जा चुकी है। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करते हुए वर्षों पुरानी इस समस्या का स्थायी समाधान करेगा।