करंट की चपेट में आने से दो भैंसों की मौत, किसान को लाखों का नुकसान

लाखेरी -स्मार्ट हलचल।लाखेरी उपखंड क्षेत्र के बालापुरा गांव में विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से दो भैंसों की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना में पशुपालक को करीब दो लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार बालापुरा निवासी जोधराज गुर्जर की दो भैंसें चरने के लिए गई हुई थीं। इसी दौरान 11 केवी विद्युत लाइन का तार अचानक टूटकर जमीन पर गिर गया। करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से दोनों भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। पशु मालिक ने बताया कि मृत भैंसों की कीमत करीब 80 हजार से एक लाख रुपये प्रति भैंस थी। दोनों पशुओं की कुल कीमत लगभग दो लाख रुपये आंकी जा रही है, जिससे परिवार को भारी आर्थिक क्षति हुई है। घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के सहायक अभियंता श्रीलाल जाटव एवं कनिष्ठ अभियंता राकेश मीणा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि लाइन का इंसुलेटर पंचर होने के कारण तार टूटकर नीचे गिर गया था। उसी समय वहां से गुजर रही भैंसें करंट की चपेट में आ गईं।
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों ने पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा दिलाने कि मांग कि है।